प्राथमिक शिक्षा वर्ग में अनुशासन, आत्मनिर्भरता और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करते हैं: अंजू

 




देवरिया, 24 मई (हि.स.)। उत्तरप्रदेश के जनपद देवरिया में राष्ट्र सेविका समिति द्वारा आयोजित सात दिवसीय प्राथमिक शिक्षा वर्ग का समापन 25 मई को होगा। यह आवासीय प्रशिक्षण वर्ग 19 मई से सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में संचालित किया जा रहा है। वर्ग में लगभग 150 बहनें सहभाग कर रही हैं ।

इस वर्ग में देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर तथा आर्यमगढ़ क्षेत्र की बहनें हिस्सा ले रही हैं। सात दिनों तक चलने वाले इस वर्ग में शारीरिक प्रशिक्षण, योग, गीत, बौद्धिक सत्र, देशभक्ति से जुड़े विषयों तथा संगठनात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षार्थियों को अनुशासन, आत्मनिर्भरता और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक बनाने पर विशेष बल दिया जा रहा है।

वर्गकार्यवाहिका अंजू चौहान ने बताया कि वर्ग का उद्देश्य बालिकाओं एवं महिलाओं में राष्ट्रभक्ति, संस्कार, आत्मविश्वास और सामाजिक समरसता की भावना विकसित करना है। इसके साथ ही समाज एवं राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का बोध कराने का भी प्रयास किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान सेविकाओं को समूह कार्य, नेतृत्व क्षमता और संगठन संचालन की भी जानकारी दी जा रही है। 24 मई की शाम 5 बजे भव्य पथ संचलन निकाला जाएगा। यह पथ संचलन सरस्वती विद्या मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरेगा। संचलन में शामिल प्रशिक्षार्थी अनुशासन, एकरूपता और संगठन शक्ति का प्रदर्शन करेंगी। कार्यक्रम को लेकर समिति कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

आयोजकों ने नगरवासियों से समापन कार्यक्रम एवं पथ संचलन में उपस्थित होकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। समिति पदाधिकारियों का कहना है कि ऐसे प्रशिक्षण वर्ग समाज में सकारात्मक सोच और संस्कारयुक्त वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक