देवरिया में नये पुलिस अधीक्षक ने संभाला कार्यभार, अधिकारियों संग की बैठक

 




देवरिया, 12 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में नवागत पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने रविवार को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की और जिले की कानून-व्यवस्था की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों से जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने और जनता के प्रति संवेदनशील रहने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि अभिजीत आर. शंकर वर्ष 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। इससे पूर्व वे अम्बेडकरनगर और औरैया में पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्य कर चुके हैं। इसके अलावा लखनऊ कमिश्नरेट में पुलिस उपायुक्त के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक