भाजपा योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाती है : कमलेश पासवान

 


देवरिया, 26 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा पच्चीस वर्ष पूर्ण होने पर देश भर में मनाए जा रहे सेवा, संकल्प अभियान के तहत शनिवार को जनपद देवरिया के रुद्रपुर ब्लाक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने कहा कि भाजपा चुनाव जीत कर सरकार बना लेने तक ही सीमित नहीं रहती है, पूरे कार्यकाल आम जन के बीच जा कर जन हित की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने का कार्य करती है।

उन्हाेंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में तेरह वर्ष और देश के प्रधानमंत्री के रूप में बारह वर्ष का कार्यकाल निर्बाध रूप से लगातार पूरा किया है, उनके जन्मदिन और सेवा के लिए अपने संसदीय क्षेत्र के लोगों की तरफ से शुभकामनाएं देते हुए इस एक माह की अवधि में सरकारी योजनाओं से वंचित पात्र व्यक्तियों को लाभ दिलाने हेतु अभियान चलाने का निर्देश अधिकारियों को दिया। उन्होंने कहा गांव स्तर पर छुटे हुए पात्रों की खोज कर उन्हें लाभ दिलाने का कार्य किया जाए।

उन्होंने कहा कि मैं शीघ्र ही टिफिन पर चर्चा भिन्न भिन्न स्थानों पर आयोजित करूंगा। सभा को क्षेत्रीय विधायक पूर्व राज्यमंत्री जय प्रकाश निषाद ने संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ने आप सभी के साथ माताओं बहनों की विशेष चिंता की है, इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं को पोषण पोटली और हेल्दी बेबी पुरस्कृत किए गए। उन्होंने आंगनवानी कार्यकर्तियों से संवाद कर योगी जी द्वारा पिछले दिनों मानदेय वृद्धि हेतु पूछा,जिसपर कार्यकर्तियों ने सरकार का आभार प्रकट किया।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक