देवरिया में आईजीआरएस मामलों में लापरवाह चार अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस

 


- फीडबैक समीक्षा में शिकायतकर्ताओं की असंतुष्टि मिलने पर कार्रवाई, संतोषजनक जवाब न मिलने पर होगी कड़ी कार्रवाई

देवरिया, 14 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया के जिलाधिकारी

मधुसूदन हुल्गी ने मंगलवार काे आईजीआरएस (एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली) के मामलों के निस्तारण में लापरवाही और त्रुटिपूर्ण कार्रवाई सामने आने पर चार अधिकारियों काे कारण बताओ नोटिस जारी किया है। संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिला तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी इन दिनों आईजीआरएस के लंबित और निस्तारित मामलों की नियमित समीक्षा कर रहे हैं। इसके तहत वह प्रत्येक शिकायत के निस्तारण का फीडबैक स्वयं प्राप्त कर रहे हैं, ताकि शिकायतों के समाधान की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके। इसी क्रम में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) भटनी को दो मामलों में त्रुटिपूर्ण निस्तारण के लिए कारण बताओ नोटिस, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) बरहज, खंड विकास अधिकारी भटनी तथा सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) भागलपुर को एक-एक मामले में नोटिस देकर जवाब तलब किया गया है।

जारी नोटिस के अनुसार सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) बरहज को भूमिगत नाली निर्माण से जुड़ी शिकायत के गलत निस्तारण, खंड विकास अधिकारी भटनी को प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित शिकायत के त्रुटिपूर्ण निस्तारण, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) भटनी को ग्राम पंचायतों में साफ-सफाई से जुड़े दो मामलों तथा सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) भागलपुर को नाली निर्माण संबंधी शिकायत के अनुचित निस्तारण के लिए नोटिस जारी किया गया है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक