देवरिया में तिरंगा यात्रा में शामिल छात्राओं की तबीयत बिगड़ी, मेडिकल काॅलेज में भर्ती

 






देवरिया, 13 अगस्त (हि.स.)। देवरिया जिला मुख्यालय स्थित पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज से गुरुवार को निकाली गई तिरंगा यात्रा स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में पीएमश्री कस्तूरबा गांधी बालिका इंटर कॉलेज की छात्राएं भी शामिल हुईं। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच यात्रा पूरी करने के बाद स्कूल पहुंचते ही कई छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। छात्राओं को कमजोरी, चक्कर और डिहाइड्रेशन की शिकायत होने पर तत्काल महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में लाया गया। छात्राओं का इलाज चल रहा है। जिलाधिकारी ने बताया कि छात्राओं की स्थिति सामान्य है।

करीब 50 छात्राओं को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में लाया गया। चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने तत्काल सभी छात्राओं की जांच कर इलाज शुरू किया। चिकित्सकों ने बताया कि गर्मी और शरीर में पानी की कमी के कारण छात्राओं की तबीयत बिगड़ी है। करीब 16 छात्राओं को दोबारा उपचार के लिए लाया गया।

डॉ. प्रवीण पांडेय, डॉ. एन .के पांडेय डाॅ. रोहित, डाॅ. अजीत पाल, डाॅ. विजय गुप्ता, समेत अन्य चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने छात्राओं की जांच की। चिकित्सकों के अनुसार अधिकांश छात्राओं में डिहाइड्रेशन के लक्षण मिले हैं। उपचार के बाद कई छात्राओं की स्थिति में सुधार है। सभी छात्राओं की स्थिति पर चिकित्सकों की टीम लगातार नजर रख रही है।

बीमार छात्राओं में अंशिका चौहान (14), अंकिता शर्मा (16), नेहा यादव (17), खुशी कनौजिया (14), रिंकी कनौजिया (18), अंजली (15), अंकिता (14), पल्लवी (15), छाया (15), शिवानी (14), रितिका (18), रंभा (16), पल्लवी (17) और रीता (18) सहित अन्य छात्राएं शामिल हैं। छात्राओं के बीमार होने की सूचना मिलने पर विद्यालय प्रशासन और परिजन भी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए।

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक मेडिकल कॉलेज पहुंच कर छात्राओं से बातचीत की और परिवार के लोगों से भी बातचीत किया। जिलाधिकारी मकसूदन हुल्गी ने बताया कि सभी बच्चे ठीक हैं कोई खतरे की बात नहीं है। मेडिकल स्टाफ पूरी तरह मुस्तैद है।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक