देवरिया : जिलाधिकारी ने लगाई पाठशाला, छात्र-छात्राओं को मन लगाकर पढ़ने की दी सीख
देवरिया, 12 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया के जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार को विभिन्न विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षक की भूमिका में बच्चों को पढ़ाया। श्यामपट्ट पर गणित के सवाल हल कराए और एक कक्षा में बच्चों के बीच नीचे बैठकर उनसे पुस्तक का पाठ कराया। बच्चों के सही जवाब और बेहतर पठन पर जिलाधिकारी ने प्रसन्नता जताते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
जिलाधिकारी ने विकासखंड भटनी के निरीक्षण के दौरान बच्चों से उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। इसके बाद श्यामपट्ट पर गणित के सवाल लिखकर विद्यार्थियों से हल कराया। बच्चों ने सवालों के सही जवाब दिये जाने पर जिलाधिकारी ने खुशी जताई। एक कक्षा में वह बच्चों के बीच नीचे बैठ गए और उनसे पुस्तक पढ़वाई। बच्चों ने सही तरीके से पाठ पढ़कर सुनाया। उन्होंने विकासखंड गौरी बाजार के पोखरभिंडा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया। यहां बच्चों की उपस्थिति कम मिलने पर जिला कार्यक्रम अधिकारी को आंगनबाड़ी कार्यकत्री को प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश दिए।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक