श्रमिकों की समस्याओं का समयबद्ध करें निस्तारण : जिलाधिकारी
देवरिया, 07 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया के जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में मंगलवार की शाम को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला श्रम बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रमिक कल्याण योजनाओं तथा श्रम विभाग से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि श्रमिकों की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रमिकों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
श्रम बंधु की बैठक में जिलाधिकारी ने निर्माण श्रमिकों एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का अधिक से अधिक पंजीकरण कराने तथा उन्हें शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा, चिकित्सा सहायता एवं अन्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। साथ ही श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के लिए अधिशासी अधिकारियों, नगर पालिका एवं नगर निकायों को निर्देशित किया कि वे योजनाओं से संबंधित पंपलेट अपने कार्यालय परिसर में प्रदर्शित करें तथा आयोजित बोर्ड बैठकों में भी इसकी जानकारी दें।
बैठक में श्रमिक हितों से जुड़े विभिन्न सुझावों एवं समस्याओं पर चर्चा की गई, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी वी.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह, सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक