नगर निकायों में विकास कार्यों में तेजी लाएं, मुख्यालय छोड़ने पर रुकेगा वेतन : जिलाधिकारी

 


देवरिया, 03 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया के जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने नगर निकायों में जनसुविधाओं और आधारभूत ढांचे के विकास की समीक्षा करते हुए अधिशासी अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने वाले अधिकारियों का वेतन रोका जाएगा। साथ ही विकास कार्यों में पारदर्शिता, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और आईजीआरएस मामलों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया।

शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने नगर पालिका एवं नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों के साथ विकास कार्यों और जनसुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अधिकारी नियमित रूप से फील्ड में जाकर जनता की समस्याओं का जायजा लें और उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दें। उन्होंने चेतावनी दी कि मुख्यालय छोड़ने वाले अधिकारियों के विरुद्ध वेतन रोकने जैसी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी टेंडर नियमानुसार और पूरी पारदर्शिता के साथ कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक निकाय में 25-25 आईजीआरएस प्रकरणों का सत्यापन कर उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने नगरीय क्षेत्रों के विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने तथा कायाकल्प योजना के मानकों के अनुरूप आधारभूत सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति के सत्रों का निरीक्षण करने, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और एएनएम की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा मातृ-शिशु मृत्यु और मिसिंग डिलीवरी की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने नगर क्षेत्रों में मल्टी लेवल पार्किंग, टैक्सी स्टैंड और वेंडिंग जोन विकसित करने, जल संरक्षण के लिए तालाबों का सुदृढ़ीकरण कराने तथा गौशालाओं का निरीक्षण कर छुट्टा गोवंशों के संरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा सरकारी भूमि का अभिलेख तैयार करने और पांचवें राज्य वित्त आयोग के तहत सीएचसी, तहसील, सार्वजनिक शौचालय एवं सरकारी आवासों के सुदृढ़ीकरण के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्रों की पांच-पांच प्रमुख विकास परियोजनाओं का निरीक्षण वह स्वयं करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने, विकास कार्यों में गति बढ़ाने और जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय तिवारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक