देवरिया : राजनीतिक दलों की मौजूदगी में खोला गया ईवीएम वेयरहाउस, हाेना है प्रशिक्षण
- प्रशिक्षण एवं मतदाता जागरूकता के लिए चयनित वीवीपैट मशीनें अलग वेयरहाउस में सुरक्षित रखी गईं, 20 नवंबर से शुरू होंगे ईवीएम प्रदर्शन केंद्र
देवरिया, 17 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की उपस्थिति में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में ईवीएम वेयरहाउस खोला गया। इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा चयनित वीवीपैट मशीनों को प्रशिक्षण एवं मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों में उपयोग के लिए वेयरहाउस से निकाला गया। चयनित मशीनों को पृथक सुरक्षित वेयरहाउस में प्रशिक्षण एवं जागरूकता संबंधी गतिविधियों के संचालन के लिए भंडारित कराया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि आगामी विधानसभा निर्वाचन के दृष्टिगत मतदाताओं को ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के लिए जनपद में ईवीएम प्रदर्शन केंद्र (ईडीसी) स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों का संचालन 20 नवंबर 2026 से विधानसभा सामान्य निर्वाचन की अधिसूचना जारी होने तक किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय तथा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी मुख्यालय/तहसील मुख्यालय पर ये केंद्र स्थापित होंगे। यहां मतदाताओं को बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक प्रदर्शन कराया जाएगा। मतदाता वीवीपैट में मुद्रित होने वाली पेपर पर्ची को भी प्रत्यक्ष रूप से देख सकेंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि ईवीएम प्रदर्शन केंद्रों के माध्यम से मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे ईवीएम एवं वीवीपैट के प्रति उनकी शंकाओं का समाधान होगा और मतदान प्रक्रिया के प्रति विश्वास एवं जागरूकता बढ़ेगी। इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित निर्वाचन अधिकारी उपस्थित रहे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक