जिलाधिकारी ने सलेमपुर आईटीआई प्रधानाचार्य का एक माह का वेतन रोकने को दिए निर्देश
देवरिया, 04 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शनिवार को आईटीआई एवं कौशल विकास विभाग की समीक्षा बैठक में आईटीआई से पासआउट छात्रों के प्लेसमेंट को लेकर कड़ा रुख अपनाया। रोजगार मेले आयोजित न किए जाने और छात्रों को रोजगार उपलब्ध न कराने पर उन्होंने राजकीय आईटीआई सलेमपुर के प्रधानाचार्य का शनिवार को एक माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी आईटीआई प्रधानाचार्यों को चेतावनी देते हुए कहा कि प्रत्येक ट्रेड में कम से कम 60 प्रतिशत छात्रों का प्लेसमेंट सुनिश्चित किया जाए। तब ही उनका वेतन मिलेगा। उन्होंने 11 अगस्त को वृहद रोजगार मेले के आयोजन, उसके व्यापक प्रचार-प्रसार तथा अधिक से अधिक कंपनियों की भागीदारी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने रोजगार मेले में सक्रिय सहभागिता न करने पर सभी प्रधानाचार्यों को सख्त हिदायत दी। साथ ही व्यापार एवं उद्योग बंधु की बैठकों में भाग लेने, आईटीआई उत्तीर्ण छात्रों की विभिन्न संस्थानों में अप्रेंटिसशिप कराने तथा अभ्युदय कोचिंग से यूट्यूब लाइव के माध्यम से जोड़ने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सेवायोजन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने तथा कौशल विकास विभाग की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी ट्रेडों में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देकर छात्रों में ऐसा कौशल विकसित किया जाए, जिससे वे रोजगार पाने के योग्य बन सकें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने प्रत्येक औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में प्लेसमेंट सेल स्थापित करने तथा तीन सदस्यीय समिति गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह समिति रोजगार मेलों एवं साक्षात्कार में भाग लेने के लिए छात्रों को प्रशिक्षित और कौशलयुक्त बनाएगी। बैठक में आईटीआई के सभी प्रधानाचार्य एवं कौशल विकास विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक