देवरिया में एलटी लाइन पर काम के दौरान करंट लगने से संविदाकर्मी की मौत, परिवार में मचा कोहराम
देवरिया, 13 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया के सदर कोतवाली क्षेत्र के रामलीला मैदान कॉलोनी नंबर-2 निवासी बिजली विभाग का संविदाकर्मी राहुल पासवान (30) पुत्र स्वर्गीय हरी पासवान महर्षि विद्या मंदिर के पास एलटी (लो-टेंशन) बिजली लाइन पर कार्य करने के दौरान सोमवार काे झुलस गया। राहुल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
राहुल की मौत की सूचना मिलते ही परिजन और रिश्तेदार अस्पताल पहुंच गए। युवक की असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मोहल्ले के लोगों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। बताया जा रहा है कि राहुल मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और कार्य के दौरान सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। जेई संजीव उपाध्याय का कहना है कि हादसा की जांच की जाएगी।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने विद्युत कार्यों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने की मांग की है। उनका कहना है कि बिजली लाइनों पर कार्य करने वाले कर्मचारियों और श्रमिकों को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक