महोबा की दलित छात्रा के साथ हुई घटना गलत : विजय शेखर
देवरिया, 29 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया के टाउन हॉल स्थित कांग्रेस कार्यालय में शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय शेखर मल्ल ‘रोशन’ ने कहा कि महोबा में दलित छात्रा का अपहरण कर उसे 16 दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया तथा उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया, लेकिन सरकार का कोई भी प्रतिनिधि पीड़िता के परिवार का हाल जानने तक नहीं पहुंचा।
उन्होंने कहा कि जब प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय पीड़िता के परिवार से मिलने जा रहे थे, तब उन्हें रोकने का हरसंभव प्रयास किया गया। इसके बावजूद वे पीड़िता के घर पहुंचे और परिवार के दुख में शामिल हुए। विजय शेखर मल्ल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं की संवेदनशीलता से भाजपा सरकार घबराई हुई है और इसी कारण प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन कराए जा रहे हैं।
प्रेस वार्ता में पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक