देवरिया में कांग्रेस की बैठक में संगठन मजबूती पर जोर, हटेंगे निष्क्रिय पदाधिकारी
देवरिया, 03 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक रविवार को टाउन हॉल स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष विजय शेखर मल्ल ‘रोशन’ ने की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त और प्रभावी बनाना रहा। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष मल्ल ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की असली ताकत उसके बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं में निहित होती है। उन्होंने प्रत्येक ब्लॉक के न्याय पंचायत, मंडल और बूथ स्तर पर संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही निष्क्रिय पदाधिकारियों की पहचान कर सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपने पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा जनसेवा, समर्पण और संघर्ष पर आधारित है, जिसे गांव-गांव तक पहुंचाना जरूरी है। संगठन को अनुशासित, सक्रिय और जवाबदेह बनाने के लिए नियमित बैठकों, युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से पार्टी की नीतियों के प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया।
बैठक में अरविंद शाही, भरत मणि त्रिपाठी, सुनील तिवारी, जयप्रकाश पाल धनगर, जुलेखा खातून, दीनदयाल प्रसाद, आलोक त्रिपाठी, चंदन वर्मा, सुनील यादव, रामप्रवेश सिंह, मनोज मणि, सच्चितानंद मिश्रा, सत्य प्रताप मिश्र ‘अंशू’, विनोद दुबे, जवाहर लाल बरनवाल, डॉ. रमेश कुशवाहा, शेषनाथ गौड़, अबुल हसन, चंद्रभान गुप्ता, डॉ. सी.पी. चौहान, पन्नालाल पाठक, मायाशंकर सिंह, राशिद अंसारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक