कम्यूनिटी पुलिसिंग यूनिट ने वरिष्ठ नागरिकों से किया संवाद, सुरक्षा और साइबर अपराधों के प्रति किया जागरूक
देवरिया, 22 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में कम्यूनिटी पुलिसिंग यूनिट (सीपीयू) के तहत बुधवार को सभी थाना क्षेत्रों में वरिष्ठ नागरिकों और बुजुर्गों से संवाद कार्यक्रम बुधवार का आयोजित किया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर बुजुर्गों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और सुरक्षा संबंधी जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने वरिष्ठ नागरिकों के घरों एवं सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर आत्मीय बातचीत की। इस दौरान उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य तथा दैनिक जीवन से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली गई। पुलिस टीमों ने बुजुर्गों के साथ मोबाइल नंबरों का आदान-प्रदान भी किया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे सीधे पुलिस से संपर्क कर सकें।
संवाद कार्यक्रम के दौरान प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का मौके पर ही यथासंभव समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। वरिष्ठ नागरिकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से पुलिस और समाज के बीच विश्वास एवं समन्वय और अधिक मजबूत होगा।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने कहा कि जनपद पुलिस कम्यूनिटी पुलिसिंग के माध्यम से आमजन, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों की सुरक्षा, सम्मान और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए ऐसे कार्यक्रम भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक