शिक्षक आत्महत्या प्रकरण में देवरिया की बीएसए शालिनी श्रीवास्तव निलंबित, संयुक्त शिक्षा निदेशक जांच अधिकारी नामित

 




देवरिया, 27 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में चर्चित शिक्षक कृष्ण मोहन सिंह आत्महत्या प्रकरण में जिलाधिकारी दिव्या मित्तल की संस्तुति पर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। 23 फरवरी 2026 को शासन को भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर उत्तर प्रदेश शासन ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) शालिनी श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय अनुशासनिक कार्यवाही प्रारंभ करने के आदेश भी जारी किए गए हैं।

बेसिक शिक्षा अनुभाग-1 द्वारा जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में शिथिलता बरतने तथा लगभग एक वर्ष तक प्रभावी कार्रवाई न करने के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए हैं। शासन ने इसे शासकीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर उदासीनता और लापरवाही मानते हुए कदाचार की श्रेणी में रखा है। शासनादेश के अनुसार, शालिनी श्रीवास्तव को उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली-1999 के नियम-4 के अंतर्गत निलंबित किया गया है तथा नियम-7 के तहत विभागीय जांच संस्थित की गई है। जांच की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त शिक्षा निदेशक, गोरखपुर मंडल को जांच अधिकारी नामित किया गया है।

गौरतलब है कि इस प्रकरण में परिजनों की तहरीर पर थाना गुलहरिया में पहले ही नामजद मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित उच्चस्तरीय जांच समिति की आख्या के आधार पर आरोपित पटल सहायक को पूर्व में निलंबित किया जा चुका है। इसी क्रम में शासन ने यह भी आदेश जारी किया है कि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, देवरिया के रिक्त पद पर नियमित तैनाती होने तक तत्काल प्रभाव से अग्रिम आदेशों तक प्राचार्य, डायट (देवरिया) को उनके वर्तमान पद के साथ-साथ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, देवरिया का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है, जिससे शैक्षिक एवं प्रशासनिक कार्यों में किसी प्रकार का व्यवधान न उत्पन्न हो।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक