मुख्यमंत्री योगी के देवरिया आगमन के मद्देनजर भाजपा की बैठक आयाेजित
देवरिया, 25 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शुक्रवार काे प्रस्तावित जनपद आगमन एवं विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर गुरुवार को रुद्रपुर विकासखंड सभागार में भारतीय जनता पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, सेक्टर अध्यक्षों, बूथ अध्यक्षों तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
बैठक के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का देवरिया आगमन जनपद के विकास के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है। मुख्यमंत्री द्वारा करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के विकास को नई दिशा और गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की सफलता के लिए संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करे।
बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों, जनसंपर्क अभियान, आवागमन व्यवस्था एवं संगठनात्मक जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि छठ्ठे लाल निगम, महेश मणि, जितेंद्र गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख उषा पासवान, पूर्व अध्यक्ष सुभाष चंद्र मद्धेशिया, भगवान यादव, कमलेश सिंह, गिरीश नारायण सिंह, सुनील गुप्ता, कौशल किशोर सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर मंडल अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता तथा संचालन ऋषि सिंह ने किया।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक