देवरिया में 22 जुलाई को विधानसभावार होंगे भाजपा का बूथ अध्यक्ष सम्मेलन, तैयारियों को लेकर बैठक में बनी रणनीति
देवरिया, 17 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में भारतीय जनता पार्टी द्वारा 22 जुलाई को आयोजित होने वाले बूथ अध्यक्ष सम्मेलन की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को औरा चौरी स्थित पार्टी कार्यालय पर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें सम्मेलन की रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारियों और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही भी उपस्थित रहे।
बैठक के मुख्य अतिथि भाजपा के जिला प्रभारी संतराज यादव रहे, जबकि अध्यक्षता जिलाध्यक्ष काली प्रसाद ने की। संचालन जिला महामंत्री श्रीनिवास मणि त्रिपाठी ने किया। जिला प्रभारी संतराज यादव ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत बूथ संगठन है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से सम्मेलन की तैयारियों को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरा करने का आह्वान किया। प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि भाजपा की चुनावी सफलता का आधार उसका सशक्त बूथ तंत्र है। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से प्रत्येक बूथ से अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित कर सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने का आग्रह किया।
बैठक में रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया ने कहा कि बूथ अध्यक्षों की सक्रियता ही चुनावी सफलता की कुंजी है। जिलाध्यक्ष काली प्रसाद ने बताया कि 22 जुलाई को जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में विधानसभावार बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक विधानसभा के लिए संयोजक और समन्वयकों की जिम्मेदारियां निर्धारित कर दी गई हैं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करते हुए सम्मेलन को सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक में सम्मेलन की व्यवस्थाओं, बूथ अध्यक्षों तक सूचना पहुंचाने, कार्यकर्ताओं की सहभागिता और कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान विभिन्न पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में जिला उपाध्यक्ष राजेश कुमार मिश्रा, संजय सिंह एडवोकेट, अजय कुमार दुबे, संतोष त्रिगुणायक, गंगा सिंह कुशवाहा, अजय शाही, जिला महामंत्री प्रमोद शाही, रविंद्र कौशल, जिला मंत्री अरविंद पांडे 'बबुना', डॉ. हेमंत मिश्रा, अभिषेक जायसवाल, रमाशंकर निषाद, निर्मला गौतम, नगर अध्यक्ष रमेश वर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक