देवरिया के बनकटा उपखंड में 24 घंटे से बिजली गुल, 80 गांव प्रभावित
देवरिया, 05 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में बनकटा उपखंड से होने वाली विद्युत आपूर्ति पिछले करीब 24 घंटे से पूरी तरह बाधित है। सोमवार को हुई तेज बारिश के दौरान मझौली राज के पास 33 हजार वोल्ट लाइन पर आकाशीय बिजली गिरने से कई स्थानों पर फाल्ट हो गया, जिससे मुख्य आपूर्ति ठप हो गई।
अवर अभियंता अवधेश कुमार ने बताया कि इस फाल्ट के कारण बनकटिया दूबे उपखंड से जुड़े सोहनपुर, बनकटा, रामपुर बुजुर्ग, इंगूरी सराय, सिकराहटा, कुम्भाचक, छेरिहां, कारेकाट, जैतपुरा, कठगरा, ससना समेत करीब 80 गांवों और मजरों की बिजली आपूर्ति बंद हो गई है। भीषण गर्मी के बीच बिजली न होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पेयजल संकट के साथ-साथ रोजमर्रा के कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
विद्युत विभाग की टीम ने खराब मौसम के बावजूद रात में मरम्मत का प्रयास किया, लेकिन फाल्ट पूरी तरह ठीक नहीं हो सका। फिलहाल विभागीय कर्मचारी लगातार पेट्रोलिंग करते हुए लाइन की जांच और मरम्मत कार्य में जुटे हुए हैं। अवर अभियंता ने आश्वासन दिया कि फाल्ट को जल्द ठीक कर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक