देवरिया में मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत 14 बच्चों को मिले लैपटॉप

 


देवरिया, 04 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड) के अंतर्गत लाभान्वित बच्चों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से गुरुवार को जनपद देवरिया के विकास भवन स्थित गांधी सभागार में लैपटॉप वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने की।

इस दौरान योजना के तहत चयनित 14 बच्चों को लैपटॉप वितरित किए गए। ये सभी बच्चे कक्षा 9 या उससे ऊपर की कक्षाओं में अध्ययनरत हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डिजिटल संसाधनों का सदुपयोग कर वे अपनी पढ़ाई को बेहतर बना सकते हैं और अपने भविष्य को नई दिशा दे सकते हैं।

जिला प्रोबेशन विभाग के अनुसार जनपद में मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड) के तहत कुल 439 बच्चे आच्छादित हैं, जिन्हें शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन जिला बाल संरक्षण इकाई के संरक्षण अधिकारी जय प्रकाश तिवारी ने किया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष सावित्री राय, राजकीय बाल गृह (बालक) के अधीक्षक रामकृपाल, वन स्टॉप सेंटर की प्रबंधक नीतू भारती, मनोवैज्ञानिक मीनू जायसवाल, जिला प्रोबेशन कार्यालय के कनिष्ठ सहायक सैफ खान सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक