पुलिसकर्मियों की आठ घंटे की ड्यूटी और साप्ताहिक अवकाश की मांग

 


मीरजापुर, 08 अगस्त (हि.स.)। डॉ. भीमराव सामाजिक सेवा समिति (भीम सेना) ने पुलिसकर्मियों की समस्याओं और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर शनिवार को थाना प्रभारी जिगना के माध्यम से शासन एवं पुलिस प्रशासन को 15 सूत्रीय ज्ञापन भेजा। प्रदेश अध्यक्ष युवा मोर्चा अशोक कुमार ने बताया कि ज्ञापन राष्ट्रीय अध्यक्ष भीमराव गौतम के निर्देश पर सौंपा गया।

ज्ञापन में पुलिसकर्मियों की आठ घंटे की निर्धारित ड्यूटी, साप्ताहिक अवकाश, बेहतर चिकित्सा सुविधा, बीमा, आवास और आवश्यक सुरक्षा संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की गई। इसके साथ ही नशीले पदार्थों की बिक्री व तस्करी, गोवंश की अवैध तस्करी और अन्य अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने की मांग उठाई गई।

समिति ने झूठे मुकदमों, अवैध हिरासत और राजनीतिक दबाव पर रोक लगाने के साथ प्रत्येक मामले में निष्पक्ष, पारदर्शी और साक्ष्य आधारित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। प्रमुख चौराहों, बाजारों, स्कूल-कॉलेज, अस्पताल, बैंक-एटीएम और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, पुलिस गश्त और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की मांग भी की गई।

एससी-एसटी उत्पीड़न, साइबर अपराध तथा महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ अपराधों में तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच, पीड़ित की सुरक्षा और नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई। जनसुनवाई और मुकदमों की विवेचना में मेडिकल रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज, गवाह, दस्तावेज और सीडीआर समेत सभी महत्वपूर्ण साक्ष्यों को शामिल करने तथा लापरवाही या पक्षपात मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।

थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि ज्ञापन उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में सुनील कुमार गौतम, करफू लाल गौतम, रामदास, जगदीश प्रसाद विश्वकर्मा, रोहित कुमार गौतम, प्रीतेश कुमार, सुभाष चंद गौतम, अरुण कुमार, कलेन्द्र कुमार, नन्हे लाल गौतम, विकेश निषाद, आत्मा राम, छेदीलाल गौतम, मंजेश कुमार गौतम व सुनील कुमार आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा