देवरिया : एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य पर विकास भवन में मंथन, विभागों को प्रभावी कार्ययोजना बनाने के निर्देश

 


देवरिया, 30 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को साकार करने के लिए गुरुवार को देवरिया विकास भवन स्थित गांधी सभागार में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ जनपद की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) बढ़ाने और आर्थिक गतिविधियों को गति देने के लिए विस्तृत मंथन किया गया। बैठक का संचालन जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने किया।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती, उत्पादन और उत्पादकता में वृद्धि की अहम भूमिका है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक विभाग नवाचार, गुणवत्तापूर्ण कार्य और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए विकास की गति तेज करे, ताकि देवरिया आर्थिक प्रगति का मॉडल जनपद बन सके।

उन्होंने कृषि, पशुपालन, शिक्षा, उद्योग, बैंकिंग, सहकारिता, खाद्य एवं रसद समेत सभी विभागों को ऐसी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए, जिससे उत्पादन बढ़े, किसानों की आय में वृद्धि हो, ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित हों तथा स्थानीय संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जा सके। बैठक में स्वयं सहायता समूहों, युवाओं और उद्यमियों को प्रोत्साहित कर गांवों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।

सीडीओ ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी एवं विकासपरक योजनाओं का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन ही प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देगा। उन्होंने सभी विभागों को विभागवार लक्ष्य निर्धारित कर नियमित समीक्षा करने तथा निर्धारित समयसीमा में कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, उपायुक्त राज्य कर, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र के उपायुक्त, सचिव मंडी समिति सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक