वाराणसी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष ने किया स्वागत
वाराणसी, 18 जुलाई (हि.स.)। देश की राजधानी दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का शनिवार को वाराणसी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। इस दौरान मंत्री रविंद्र जायसवाल और महिला मोर्चा की महानगर की पदाधिकारी महिलाएं मौजूद रहीं।
वाराणसी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से निकलने के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मीरजापुर जिले में मां विंध्यवासिनी के दर्शन पूजन के लिए रवाना हो गई। जहां पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि वाराणसी और मीरजापुर की यह उनकी तीर्थ यात्रा है। इसमें दर्शन पूजन, गंगा आरती देखने का कार्यक्रम बना है। कोई राजनीतिक कार्यक्रम उन्होंने नहीं दिया है। वहीं, मीरजापुर से लौटकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर दर्शन पूजन किए।
शनिवार की सायंकाल मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता नमो घाट पहुंचेंगी और वहां से बोट के माध्यम से काशी के घाटों की सुंदरता देखते हुए दशाश्वमेध घाट तक आएंगे। इसके बाद दशाश्वमेध घाट पर विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती में दिल्ली की मुख्यमंत्री शामिल होंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद