भाजपा की साजिश से काटे जा रहे पीडीए वोटरों के नाम : श्यामलाल पाल
मीरजापुर, 04 फ़रवरी (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने मतदाता सूची से नाम काटने वाले फॉर्म-7 को लेकर भाजपा और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि बड़े पैमाने पर पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग के मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। अनगढ़ रोड स्थित भोला गार्डेन में बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने इसे भाजपा की सुनियोजित साजिश बताया।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जैसे ही इस गड़बड़ी की जानकारी पार्टी को मिली, समाजवादी पार्टी ने चुनाव आयोग को लिखित शिकायत भेजकर पूरे मामले से अवगत कराया है। उन्होंने दावा किया कि मीरजापुर समेत उन तमाम क्षेत्रों से शिकायतें सामने आ रही हैं, जहां भाजपा को 2027 के विधानसभा चुनाव में हार का अंदेशा है। कई मामलों में ऐसे मतदाताओं के नाम से फॉर्म-7 जमा कर दिए गए हैं, जो न तो पढ़े-लिखे हैं और न ही उन्होंने स्वयं कोई आवेदन किया है।
श्याम लाल पाल ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों की लगातार उपेक्षा कर रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। साथ ही कहा कि जनता भाजपा की कार्यशैली को भली-भांति समझ चुकी है और 2027 के विधानसभा चुनाव में उसे सत्ता से बाहर करने का काम करेगी।
प्रदेश अध्यक्ष के मीरजापुर आगमन पर कोन विकास खंड के तिलठी, मवैया, चील्ह और मझवां विधानसभा क्षेत्र के बरौंधा, जसोवर सहित विभिन्न इलाकों में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा