करोड़ों जन्मों के बाद मिला मानव तन, इसे भक्ति में लगाएं : पंकज महाराज
- जयगुरुदेव सत्संग में आध्यात्मिक ज्ञान, प्रेम और सदाचार का दिया संदेश
मीरजापुर, 15 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के अदलहाट क्षेत्र के शिवपुर (हाजीपुर) गांव में रविवार को आयोजित जयगुरुदेव सत्संग समारोह में संत पंकज महाराज ने मानव जीवन के महत्व और आध्यात्मिक ज्ञान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि करोड़ों जन्मों तक भटकने के बाद मनुष्य को यह दुर्लभ शरीर मिला है। इसे व्यर्थ गंवाने के बजाय भक्ति और साधना में लगाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि दुनिया में लोग भौतिक शिक्षा प्राप्त कर खुद को बड़ा ज्ञानी समझने लगते हैं, जबकि आध्यात्मिक ज्ञान का महत्व इससे कहीं अधिक है। जीवात्मा को परमात्मा से जोड़ने का मार्ग संत-महात्माओं के बताए रास्ते और साधना से मिलता है। प्रभु की प्राप्ति के लिए सच्चे संत सतगुरु का मार्गदर्शन जरूरी है।
संत पंकज महाराज ने कबीरदास के दोहे 'पोथी पढ़ि-पढ़ि जग मुआ, पंडित भया न कोय। ढाई आखर प्रेम का पढ़ै सो पंडित होय।' का उल्लेख करते हुए कहा कि सच्चा ज्ञान प्रेम और आत्मिक अनुभूति में निहित है। उन्होंने कहा कि संत सतगुरु ही जीवों को भवसागर से पार लगाने का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने समाज के शुभचिंतकों, बुद्धिजीवियों और समाजसेवियों से अपील की कि वे स्वयं शाकाहारी, सदाचारी और मद्यपान से दूर रहें तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
सत्संग समारोह में ग्राम प्रधान राजेश मौर्य, लल्लन मौर्य, हरिशंकर प्रसाद केशरी, घूरन प्रसाद, मोतीलाल सिंह, अखिलेश केशरी, अतुल केशरी, चंद्रमा यादव, चंद्रावती देवी, हरेंद्र प्रसाद मौर्य और बृजकिशोर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा