कानपुर : कमरे में मिला पेंट कारोबारी का शव, जांच में जुटी पुलिस

 


कानपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद में बर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक मकान के कमरे में साेमवार काे पेंट कारोबारी का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थाना प्रभारी रविंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक की पहचान अनुराग बघेल (40) के रूप में हुई। वह विश्वबैंक ए-1 ब्लॉक में रहकर पेंट का कारोबार करते थे। परिवार में पत्नी प्रियंका और दो बच्चे हैं। परिजनों के अनुसार, पत्नी बच्चों की पढ़ाई के कारण पिछले करीब छह महीने से दिल्ली में रह रही थीं, जबकि पति अनुराग घर पर अकेले रह रहे थे। आज मकान की पहली मंजिल पर किराये पर रहने वाली युवती को कमरे से दुर्गंध आती महसूस हुई। उसने जाकर देखा तो दरवाजा खुला था और मकान मालिक अनुराग बिस्तर पर पड़े थे। इसके बाद उसने परिजनों और पुलिस को सूचना दी।

काेतवाल ने बताया कि परिजनों से पता चला है कि मृतक अनुराग को अंतिम बार 30 जुलाई की शाम घर के बाहर टहलते हुए देखा गया था। उसके बाद उनसे किसी की मुलाकात नहीं हुई। माैके पर फोरेंसिक टीम के साथ थाना पुलिस ने साक्ष्य एकत्र किए हैं और शव काे पाेस्टमार्टम भेज दिया है।

थाना प्रभारी के मुताबिक, पेंट काराेबारी की माैत प्रथम दृष्टया हार्ट अटैक से हाेना प्रतीत हो रही है। हालांकि शव की पाेस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी, जिसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप