दो दिन से लापता वृद्ध का शव तालाब में उतराता मिला
औरैया, 08 सितम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश में औरैया जनपद की अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के सांफर गांव में मंगलवार को दो दिन से लापता वृद्ध का शव घर से करीब दाे साै मीटर दूर तालाब में उतराता मिला। पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सांफर निवासी दयाशंकर त्रिपाठी (61) रविवार शाम घर से कहीं चले गए थे। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार को ग्रामीणों ने तालाब में उनका शव उतराता देखा तो परिजनों को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया और आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वृद्ध की मौत डूबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार