सोनभद्र में प्रसूता की मृत्यु पर अवैध अस्पताल सील, संचालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज

 


सोनभद्र, 30 मई (हि.स.)। जनपद के कोन थाना क्षेत्र में बिना पंजीकरण के अवैध रूप से संचालित ग्लोबल हॉस्पिटल में शनिवार की सुबह में प्रसव के दौरान एक महिला की मृत्यु के मामले में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच एवं कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के आदेश पर अवैध अस्पताल को सील कर दिया गया है और संचालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने शनिवार को बताया की कोन थाना क्षेत्र के सोना सिंगा निवासी सीमा पत्नी देवनारायण प्रसव के लिए आज सुबह कचनरवा पीएचसी पहुंची थीं। प्राथमिक जांच के उपरांत उन्हें एम्बुलेंस 108 के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कोन के लिए रेफर किया गया, किन्तु एम्बुलेंस के ईएमटी ने मरीज को निर्धारित स्वास्थ्य केन्द्र के स्थान पर बिना पंजीकरण के संचालित ग्लोबल हॉस्पिटल पहुंचा दिया गया। परिजनों का आरोप है की अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान महिला की मृत्यु हो गई, जिसके बाद संबंधित चिकित्सक व अन्य कर्मचारी मौके से फरार हो गए।

जिलाधिकारी ने बताया की मामला संज्ञान में आते ही उपजिलाधिकारी ओबरा विवेक कुमार सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. गुलाब शंकर यादव, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कीर्ति आजाद बिन्द तथा पुलिस क्षेत्राधिकारी कोन को संयुक्त रूप से मौके पर भेज कर जांच कर कार्रवाई करने का आदेश दिया गया। मौके पर पहुंची जांच व पुलिस टीम ने अवैध रूप से संचालित ग्लोबल हॉस्पिटल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अवैध रूप से संचालित ग्लोबल हास्पिटल के संचालक नसीम अहमद के विरुद्ध कोन थाने में एफआईआर दर्ज कराते हुए विधिक कार्रवाई प्रारम्भ कर दी गई है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध रूप से संचालित चिकित्सालयों एवं स्वास्थ्य संस्थानों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी तथा दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी