झोपड़ीनुमा मकान में युवक का शव, हत्या की आशंका

 


मीरजापुर, 02 मई (हि.स.)। अहरौरा थाना क्षेत्र के मादाचक धुरिया के पास एक क्रेशर प्लांट से कुछ दूरी पर स्थित झोपड़ीनुमा बंद मकान में शनिवार शाम 30 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान आधार कार्ड के आधार पर डब्बू यादव (30) पुत्र रामसूरत यादव निवासी सरेसर, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। शव के पास मोबाइल फोन और शराब की बोतल भी मिली है।

स्थानीय लोगों के अनुसार जिस कमरे में शव मिला, वह दोहरी गांव निवासी कल्लू मल्लू बिंद का है, जो वर्तमान में अन्य स्थान पर रहने लगे हैं और कमरा खाली पड़ा रहता है।

घटना को लेकर क्षेत्र में हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।

थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि युवक यहां कैसे आया और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है।

क्षेत्राधिकारी चुनार मंजरी राव भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा