जनजागरूकता और सामूहिक प्रयासों से ही नशामुक्ति संभव : सुमित सुधाकर रामटेके
कानपुर, 25 मार्च (हि.स.)। नशे से मुक्ति केवल जनजागरूकता और सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। युवा वर्ग को विशेष रूप से सजग रहना होगा और किसी भी प्रकार के बहकावे में नहीं आना चाहिए। समाज के सभी वर्गों को मिलकर नशामुक्ति की दिशा में काम करना होगा, तभी सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। पुलिस और प्रशासन इस दिशा में हर संभव सहयोग के लिए तत्पर है।
यह बातें बुधवार को अपर पुलिस उपायुक्त सुमित सुधाकर रामटेक ने कहीं। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय परिसर स्थित दीन दयाल सभागार में नशामुक्ति जागरूकता अभियान के अंतर्गत एक प्रभावशाली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. अंशू यादव ने की जबकि मुख्य अतिथि के रूप में एडिशनल एसपी सुमित सुधाकर रामटेक रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विशिष्ट अतिथि डॉ. सुमेध जाधव (आईपीएस, प्रभारी थाना कल्याणपुर) ने छात्रों को आश्वस्त किया कि वे नशे या किसी भी प्रकार के अपराध की सूचना सीधे पुलिस को दे सकते हैं और प्रशासन उनकी हर संभव सहायता करेगा। अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. अंशू यादव ने नशामुक्ति के साथ-साथ साइबर सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डिजिटल युग में युवाओं को दोनों ही विषयों में सजग रहना आवश्यक है। चीफ वार्डेन डॉ. सर्वेश मणि त्रिपाठी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए नशे को समाज के लिए गंभीर अभिशाप बताया और इससे दूर रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम नोडल अधिकारी डॉ. अंकित त्रिवेदी ने उपस्थित सभी छात्रों एवं प्रतिभागियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का संचालन हिंदी विभाग के प्रभारी डॉ. श्रीप्रकाश ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कुलानुशासक डॉ. शशिकांत त्रिपाठी ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर एडिशनल डीसीपी राजेश कुमार पांडेय, एसीपी आशुतोष कुमार, डॉ. प्रभात गौरव मिश्र, डॉ. दिवाकर अवस्थी, डॉ. अंजनी उपाध्याय सहित एनसीसी व एनएसएस कैडेट्स और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप