उप्र में 100 रेलवे एवं 100 बस स्टेशनों सहित पांच हवाई अड्डों पर खोलेंगे मुख्यमंत्री महिला उत्पाद विपणन केंद्र

 


- उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने महिला विपणन केंद्र के प्रस्ताव प्रस्तुत करने के दिए निर्देश

- तीन करोड़ महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने और 1 करोड़ लखपति दीदियां बनाने के लक्ष्य को पूरा करें अधिकारी

- 543 प्रेरणा सरल स्टोर और 3000 से अधिक उत्पादों को राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश

लखनऊ, 30 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को मिशन निदेशक, उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी योजनाओं की जानकारी ली, धरातलीय आंकड़े नहीं मिले सन्तोष जनक दिए दूरभाष पर कड़े निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूह उत्पादों के वितरण एवं ब्रांडिंग के लिए विभाग द्वारा ब्लॉक स्तर पर 543 प्रेरणा सरल स्टोर स्थापित किए गए तथा तीन हजार से अधिक उत्पादों को ऑनलाइन एवं ऑफलाइन विपणन प्लेटफार्म से जोड़ा गया। इन उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि महिलाओं को उनके उत्पादों का उचित मूल्य मिल सके और उनकी आय में वृद्धि हो।

उन्होंने विकेंद्रीकृत ऊर्जा के क्षेत्र में महिला सहभागिता बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि लखपति दीदी के लक्ष्य को पूरा करने के लिए ग्रामीण स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार कर महिलाओं को सौर ऊर्जा आधारित गतिविधियों से जोड़ा जाए। उद्योगों एवं उद्यमियों को सौर ऊर्जा के लाभों की जानकारी देकर सौर ऊर्जा इंस्टॉलेशन कार्य को बढ़ावा दिया जाए।

उप मुख्यमंत्री ने ड्रोन दीदी योजना की समीक्षा करते हुए बताया कि 75 जिलाें में 11,81,660 हेक्टेयर क्षेत्र के लिए ड्रोन सखियों का चयन किया गया है तथा प्रथम चरण में दीदीयों को 114 ड्रोन उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि ड्रोन तकनीक से किसानों की आय बढ़ाने, खेती की लागत कम करने, रासायनिक उर्वरकों का उपयोग घटाने और जैविक खेती को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

उन्होंने टेक होम राशन योजना को सभी 75 जनपदों तक शीघ्र विस्तारित करने के निर्देश दिए। वर्तमान में 43 जनपदों में 204 इकाइयां संचालित हैं, जिनमें लगभग 4,000 सदस्य कार्यरत हैं। उपमुखम्यमंत्री ने दुग्ध उत्पादन, मधुमक्खी पालन एवं मत्स्य पालन जैसे क्षेत्रों में भी अधिक से अधिक समूह की दीदियों को जोड़ने के निर्देश दिए।

केशव प्रसाद मौर्य ने मिशन निदेशक को 03 करोड़ महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने तथा 01 करोड़ लखपति दीदियां बनाने के लक्ष्य पर मिशन मोड में कार्य करने को कहा।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कि हम पायलट प्रोजेक्ट के रूप में मुख्यमंत्री महिला उत्पादन विपणन योजना के तहत 75 जनपदों के 826 विकास खंडों, 100 रेलवे एवं 100 बस स्टेशनों तथा 05 हवाई अड्डों पर केंद्रों की स्थापित करेंगे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत किया जाए।

उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। डबल इंजन सरकार का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त, आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और उनके परिवारों में खुशहाली लाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा