जर्मनी की कंपनियों ने उत्तर प्रदेश में निवेश का दिया भरोसा
-उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जर्मनी में कई कंपनियों के शीर्षस्थ से की मुलाकात
लखनऊ, 23 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में विदेशी निवेश बढ़ाने काे लेकर याेगी सरकार लगातार प्रयास कर रहीहै। इसी क्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को फ्रैंकफर्ट शहर में जर्मनी के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की और उन्हें राज्य में निवेश का आमंत्रण दिया। वार्ता के दाैरान निवेशकाें ने उत्तर प्रदेश में निवेश का भराेसा दिया है।
सोमवार को राज्य सरकार की ओर से दी गयी जानकारी के मुताबिक उपमुख्यमंत्री माैर्य ने सिल्के सिक्टर (जेडव्हीईआई - ग्लोबल अफेयर्स एवं इकोनॉमिक्स, इंडो-पैसिफिक एवं चाइना अफेयर्स) तथा मार्कस शाइबॉल सीईओ, ईए इलेक्ट्रो ऑटोमेटिक जीएमबीएच से निवेश पर चर्चा की। दोनों निवेशकों ने उत्तर प्रदेश में निवेश का भरोसा दिया।
वार्ता के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जर्मनी के प्रतिनिधिमंडल को उत्तर प्रदेश की मजबूत हो रही अर्थव्यवस्था से अवगत कराया। माैर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश 25 करोड़ उपभोक्ताओं का बड़ा बाजार है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तर प्रदेश राज्य भारत की तेजी से बढ़ रही अर्थव्यवस्था का मुख्य केंद्र है। उत्तर प्रदेश वैश्विक गंतव्य के रूप में तेजी से स्थापित हो रहा है। दोनों प्रतिनिधिमंडल ने सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्यूफेक्चरिंग के क्षेत्र में भारत-जर्मनी साझेदारी को और सुदृढ़ करने पर जोर दिया।
जर्मनी के प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि सीमेंस व एनएक्सपी जैसी अग्रणी कंपनियों भारत में पहले से ही निवेश कर रही है। उन्होंने बताया कि भारत में 25 करोड़ के विशाल बाजार को लेकर वे काफी मजबूती से कार्य कर रहे हैं। जर्मनी प्रतिनिधिमंडल ने भारत से मिल रहे सहयोग और यहां के बड़े बाजार का भी जिक्र किया। जर्मनी प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को उत्तर प्रदेश में दीर्घकालिक सहयोग व निवेश का विश्वास दिलाया।
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला