जर्मनी में यूपी की दमदार दस्तकः रक्षा, सेमीकंडक्टर और एआई निवेश को मिला वैश्विक समर्थन

 


उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं आईटी मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने वैश्विक रक्षा कंपनियों से किया रणनीतिक संवाद

Enforce Tac 2026 में उत्तर प्रदेश का रणनीतिक विस्तार, वैश्विक रक्षा कंपनियों से सहयोग की दिशा में ठोस प्रगति

लखनऊ : 24 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार राज्य को रक्षा एवं उच्च प्रौद्योगिकी विनिर्माण का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। इसी क्रम में मंगलवार को जर्मनी के न्यूरेम्बर्ग में आयोजित Enforce Tac 2026 में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री सुनील कुमार शर्मा के नेतृत्व में उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने भाग लिया।

न्यूरेम्बर्ग मेसे में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय रक्षा प्रदर्शनी के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने अनमैन्ड सिस्टम्स (Unmanned Systems) पर केंद्रित विशेष गाइडेड डिफेंस वॉकथ्रू में सहभागिता की। इस अवसर पर Diehl Defence (Ziesel) ODM GmbH, Helsing (HX&2 AI Combat Drone) Dronivo GmbH, Quantum Systems (VTOL Drones) SIA Origin Robotics तथा Aaronia (Drone Detection Technologies) जैसी अग्रणी कंपनियों की अत्याधुनिक रक्षा एवं ड्रोन तकनीकों का अवलोकन किया गया।

उपमुख्यमंत्री एवं आईटी मंत्री ने कंपनियों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा करते हुए उत्तर प्रदेश रक्षा कॉरिडोर, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण नीति, डेटा सेंटर नीति एवं राज्य की निवेश-अनुकूल औद्योगिक व्यवस्था की विशेषताओं को प्रस्तुत किया। राज्य में ड्रोन विनिर्माण, अनुसंधान एवं विकास (R-D), कौशल विकास तथा तकनीकी हस्तांतरण के क्षेत्र में संभावित सहयोग पर सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ।

उल्लेखनीय है कि जर्मनी प्रवास के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने फ्रैंकफर्ट एवं हेसेन क्षेत्र में निवेश संवर्धन हेतु कई महत्वपूर्ण बैठकों का सफल आयोजन किया। हेसेन राज्य सरकार की स्टेट सेक्रेटरी करिन मूलर (karin Müller) के साथ औपचारिक बैठक में औद्योगिक एवं प्रौद्योगिकीय सहयोग को संस्थागत रूप देने पर सहमति बनी। सेमीकंडक्टर एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र में EA Elektro Automatik GmbH सहित जर्मन उद्योग प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा हुई, जिसमें उत्तर प्रदेश में उन्नत विनिर्माण इकाइयों की स्थापना की संभावनाओं पर सकारात्मक संकेत प्राप्त हुए।

फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट प्राधिकरण के प्रतिनिधियों के साथ नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के संदर्भ में लॉजिस्टिक्स एवं एयर-कार्गा सहयोग को विकसित करने पर सार्थक वार्ता हुई। इसके अतिरिक्त, Inolexus & Partners के साथ बैठक में उत्तर प्रदेश में डेटा सेंटर स्थापना तथा गोरखपुर, वाराणसी, लखनऊ एवं प्रयागराज में एआई-आधारित स्वास्थ्य परियोजनाओं के क्रियान्वयन पर सहमति बनी। इन बैठकों के माध्यम से सेमीकंडक्टर सप्लाई चेन, डेटा इंफ्रास्ट्रक्चर एवं उन्नत प्रौद्योगिकी निवेश के क्षेत्र में ठोस प्रगति दर्ज की गई।

आज Enforce Tac 2026 में हुई रणनीतिक सहभागिता तथा पूर्व में संपन्न इन उच्चस्तरीय बैठकों की उपलब्धियाँ उत्तर प्रदेश को रक्षा नवाचार, सेमीकंडक्टर विनिर्माण एवं डिजिटल प्रौद्योगिकी के वैश्विक मानचित्र पर सशक्त रूप से स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण सिद्ध हो रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा