एआई समिट में कांग्रेस की 'नग्नता' देश विरोधी : ब्रजेश पाठक

 


लखनऊ, 24 फरवरी (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने आज कहा कि विगत दिनों दिल्ली में आयाेजित एआई समिट में दुनिया भर के लोग एकत्रित हुए। इस वैश्विक आयोजन के विरोध में कांग्रेस इतना आगे बढ़ गयी कि उसने मर्यादा तोड़ कर समिट में 'नग्नता' का प्रदर्शन किया। यह दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्हाेंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मानना है कि हम हर क्षेत्र में बेहतर करेंगे तो ही भारत आगे बढ़ेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने दुनिया की जरूरत को देखते हुए एआई समिट किया। कांग्रेस को देश का आगे बढ़ना अच्छा नहीं लगता है। सत्ता के लिए कांग्रेस के राहुल गांधी और उनकी टीम देश के अंदर हो या बाहर भारत को अपमानित करने का हर प्रयास कर रहे हैं। वह भारत को शर्मसार करने की कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।

सोशल मीडिया पर वह जो कर रहे हैं, वह देशद्रोह की श्रेणी में आता है। एआई समिट में नंगा नाच करना बहुत घटिया रास्ता है। विरोध के नाम पर कांग्रेस ने नग्नता का प्रदर्शन किया है। गांधी जी से लेकर नेता जी सुभाष चंद्र बोस तक ने भारत माता की सेवा की। आज कांग्रेस भारत के विकास के रास्ते में रोड़ा बन रही है। ब्रजेश पाठक ने राहुल का मतलब भी बताया। उन्होंने कहा कि रा-से रार, हु- से हुड़दंग।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी पर कीचड़ उछालना सूरज पर थूकने जैसा है। राहुल जी आप देश विरोधी ताकतों के प्रवक्ता बन गए हैं। देश में दंगे कराना, मा भारती को बदनाम करना, आपका फैशन बन गया है। राहुल गांधी राजीव गांधी फाउंडेशन में चीन से आए पैसे लेकर देश के खिलाफ काम कर रहे हैं। राहुल गांधी को बताना होगा कि आप चीन से पैसा क्यों ले रहे थे।

दुनिया में भारत की ताकत बढ़ी है। कांग्रेस ने जब देश की सत्ता छोड़ी तब भारत कहां खड़ा था। आज चौथे नम्बर की अर्थव्यवस्था बन गया है। अखिलेश यादव के 100 विधायक लाने पर मुख्यमंत्री बनाये जाने वाले बयान पर ब्रजेश पाठक ने कहा कि अखिलेश और राहुल दोनों एक ही थाली के चट्टे बट्टे हैं। अखिलेश यादव समझ रहे हैं कि सत्ता पारिवारिक है और वैसे ही ट्रांसफर हो जाएगी लेकिन सत्ता उसे मिलेगी जिसे जनता चाहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला