वाराणसी : दालमंडी चौड़ीकरण अभियान के तहत ताेड़ी गई लंगड़े हाफिज मस्जिद की मीनार, बंद रहा आवागमन
वाराणसी, 16 अगस्त(हि. स.)। वाराणसी में दालमंडी चौड़ीकरण अभियान के तहत लंगड़े हाफिज मस्जिद के कुछ हिस्से को तोड़ा जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को मस्जिद की मीनार को कमेटी की ओर से श्रमिकों ने हथौड़े से तोड़ दिया।
अंजुमन इंतजामिया मस्जिद कमेटी की ओर से खुद ही मस्जिद के उतने हिस्से को तोड़वाया जा रहा है, जितने हिस्से में दालमंडी की सड़क बननी है। इसके तहत रविवार को मीनार को तोड़ने का फैसला लिया गया और कमेटी की ओर से लगाए गये श्रमिकों ने हथौड़े से मीनार को तोड़ डाला। वहीं आज सुबह से शाम तक लंगड़े हाफिज मस्जिद की मीनार को तोड़ने के दौरान बेनियाबाग से नई सड़क की ओर आने वाले वाहनों का आवागमन बंद रखा गया। इसके कारण नई सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही।
अंजुमन इंतजामिया मस्जिद कमेटी के जॉइंट सेक्रेटरी एस.एम. यासीन ने कहा कि लंगड़े हाफिज मस्जिद की मीनार और कुछ हिस्से को तोड़ रहे हैं। मस्जिद की दूसरी तरफ दूसरी मीनार बनाई जा रही है। आजादी से पहले इस मस्जिद का निर्माण हुआ था, यहां हजारों लोग नमाज अदा करते आ रहे हैं।
बता दें कि दालमंडी चौड़ीकरण अभियान में नवीन सड़क बनाने के कार्य का भूमि पूजन हो चुका है। वाराणसी दक्षिणी से विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी ने चार दिन पूर्व ही भूमि पूजन कर नवीन सड़क के लिए नवंबर माह तक का समय भी तय कर दिया है। दालमंडी की इस नवीन सड़क के बन जाने से श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर आने के लिए एक नया रास्ता मिल जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / शरद