दक्षिणांचल को मिली रफ्तार की सौगात, मध्य प्रदेश के सिंगरौली बॉर्डर तक 10 किमी सड़क होगी चौड़ी

 


- जर्जर मार्ग से जूझ रहे गांवों को राहत, आवागमन आसान होने के साथ विकास को भी मिलेगा नया रास्ता

मीरजापुर, 24 मार्च (हि.स.)। लंबे इंतजार के बाद दक्षिणांचल इलाके को राहत देने वाली एक बड़ी खबर सामने आई है। हलिया के देवरी-मनीगढ़ा चौराहा से हरबरा होते हुए मध्यप्रदेश के सिंगरौली बॉर्डर तक जाने वाली अहम सड़क के चौड़ीकरण को मंजूरी मिल गई है। करीब 10 किलोमीटर लंबा यह मार्ग अब 07 मीटर चौड़ा बनाया जाएगा। स्वीकृति की खबर मिलते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई, क्योंकि वर्षों से जर्जर और संकरी इस सड़क ने लोगों की परेशानी बढ़ा रखी थी।

यह सड़क केवल एक रास्ता नहीं, बल्कि परसिया पानी टंकी, महोखर और करौंदिया जैसे कई गांवों की जीवनरेखा मानी जाती है। इसी मार्ग से लोग रोजमर्रा की जरूरतों, इलाज, पढ़ाई, बाजार और दूसरे जिलों व राज्यों तक पहुंचते हैं। लेकिन सड़क की बदहाल हालत के कारण सफर मुश्किल और जोखिम भरा बना हुआ था। गड्ढों, टूट-फूट और संकरे हिस्सों की वजह से आए दिन हादसों का खतरा बना रहता था, जिससे ग्रामीणों में लंबे समय से नाराजगी थी।

राज्यसभा सांसद अरुण सिंह के प्रतिनिधि धनेन्द्र पांडेय ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण की मांग को लेकर क्षेत्रीय जनता लगातार प्रयास कर रही थी। 22 अक्टूबर को जब इस समस्या को सांसद अरुण सिंह के समक्ष रखा गया, तो उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव अजय चौहान से बातचीत की। इसके बाद उसी दिन सड़क चौड़ीकरण की स्वीकृति मिल गई थी, लेकिन विभागीय प्रक्रिया के चलते बजट की मंजूरी शेष रह गई थी।

मामला तब और गंभीर हो गया जब जूनियर इंजीनियर कमलेश यादव ने संकेत दिया कि यदि मार्च के भीतर बजट पास नहीं हुआ, तो काम एक साल के लिए टल सकता है। इसके बाद 21 मार्च को फिर से मामले की जानकारी दी गई और त्वरित पहल के बाद 24 मार्च को धन की स्वीकृति भी मिल गई। जैसे ही यह सूचना क्षेत्र में पहुंची, लोगों की लंबे समय की चिंता खुशी में बदल गई।

ग्रामीणों का मानना है कि सड़क चौड़ीकरण से मीरजापुर, प्रयागराज, सिंगरौली और बगदरा के बीच आवागमन कहीं अधिक आसान हो जाएगा। दक्षिणांचल क्षेत्र से मध्यप्रदेश जाने वालों को शॉर्टकट रास्ते का भी सीधा लाभ मिलेगा। सड़क बेहतर होने से न केवल सफर तेज और सुरक्षित होगा, बल्कि व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी सुधरेगी। यानी यह सड़क केवल दूरी कम नहीं करेगी, बल्कि विकास की रफ्तार भी बढ़ाएगी।

स्थानीय लोगों ने इस स्वीकृति के लिए राज्यसभा सांसद अरुण सिंह के प्रति आभार जताया है। उनका कहना है कि यह मांग वर्षों पुरानी थी, जो अब पूरी होने जा रही है। लोगों को उम्मीद है कि निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा और दक्षिणांचल की यह प्रमुख सड़क जल्द ही नए स्वरूप में नजर आएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा