हाईवे पर कार की टक्कर से साइकिल सवार की मौत

 


- लालगंज के पटेहरा पांडेय गांव के मोड़ के पास हादसा, घर लौटते समय गई जान

मीरजापुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में लालगंज थाना क्षेत्र के पटेहरा पांडेय गांव के मोड़ के पास वाराणसी-रीवा हाईवे पर रविवार देर शाम अज्ञात कार की टक्कर से साइकिल सवार अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।

पटेहरा पांडेय गांव निवासी ललई प्रजापति (52) पुत्र माता शरण प्रजापति रविवार देर शाम साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। वह ज्ञान गंगा पेट्रोल पंप के पास पहुंचे थे, तभी पीछे से आ रही अज्ञात कार ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ललई सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही लालगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। लालगंज थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा