हाइवे पर कार की टक्कर से साइकिल सवार की मौत
मीरजापुर, 05 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मीरजापुर जिले के लालगंज थाना क्षेत्र स्थित लहंगपुर चौकी अंतर्गत बामी गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को तेज रफ्तार कार की टक्कर से साइकिल सवार की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।
बामी गांव निवासी 40 वर्षीय नूर मोहम्मद बुधवार को अपने घर से साइकिल से निकले थे। जैसे ही वह राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंचे, पीछे से आ रही जौनपुर नंबर की एक आर्टिका कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल नूर मोहम्मद को एंबुलेंस से मंडलीय अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मृतक अपने पीछे दो पुत्रियों और एक पुत्र को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर हाल बेहाल है।
थाना प्रभारी लालगंज वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। चालक और वाहन की पहचान कर मामले की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा