चील्ह साइबर सेल ने यूपीआई से गलत ट्रांसफर हुए 2.65 लाख रुपये कराए वापस

 


मीरजापुर, 12 अप्रैल (हि.स.)। यूपीआई के माध्यम से गलती से अज्ञात व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर हुई 2,65,000 रुपये की बड़ी धनराशि को थाना चील्ह की साइबर सेल टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते में वापस करा दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 07 अप्रैल 2026 को राजकुमार यादव पुत्र शोभनाथ यादव, निवासी लखनपुर मवैया ने यूपीआई के जरिए 2,65,000 रुपये गलती से किसी अज्ञात व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर हो जाने की शिकायत एनसीआरपी पोर्टल (शिकायत संख्या 33104260076004) पर दर्ज कराई थी। शिकायत मिलते ही थाना चील्ह साइबर सेल टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में साइबर सेल टीम ने सम्बंधित बैंक और मर्चेंट से समन्वय स्थापित किया। इसके बाद पूरी धनराशि 2,65,000 रुपये सफलतापूर्वक आवेदक के खाते में वापस करा दी गई।

रविवार को अपने खाते में रकम वापस आने के बाद आवेदक थाने पहुंचा और पुलिस अधिकारियों व साइबर सेल टीम रवीन्द्र भूषण मौर्य (प्रभारी निरीक्षक, थाना चील्ह), उपनिरीक्षक मनोज कुमार सिंह व महिला आरक्षी सोनाली पाण्डेय का आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा