गलती से ट्रांसफर हुई 10 हजार की रकम साइबर सेल ने कराई वापस

 


मीरजापुर, 12 अप्रैल (हि.स.)। यूपीआई के माध्यम से गलती से अज्ञात व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर हुए 10,000 रुपये की धनराशि को मीरजापुर जिले की कोतवाली देहात थाना की साइबर सेल टीम ने पीड़ित के खाते में रविवार को वापस करा दिए।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के बताया कि 28 जनवरी 2026 को चन्द्रकान्त दुबे पुत्र भोलानाथ निवासी शुक्लहा ने यूपीआई के जरिए गलती से 10,000 रुपये किसी अज्ञात व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर हो जाने की शिकायत एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली देहात साइबर सेल टीम को मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में साइबर सेल टीम ने संबंधित बैंक और मर्चेंट से समन्वय स्थापित किया। न्यायालय के आदेश के क्रम में उक्त धनराशि को सफलतापूर्वक आवेदक के खाते में वापस करा दिया गया। रविवार को अपने खाते में पैसे वापस आने के बाद आवेदक चन्द्रकान्त दुबे थाना पहुंचे और पुलिस अधिकारियों एवं साइबर सेल टीम में शामिल अमित मिश्रा प्रभारी निरीक्षक, थाना कोतवाली, उपनिरीक्षक तेरसू सिंह यादव (साइबर सेल प्रभारी), महिला आरक्षी प्रियंका सिंह का आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा