विंध्य महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम, कलाकारों ने बांधा समां
मीरजापुर, 20 मार्च (हि.स.)। मां विंध्यवासिनी धाम विंध्याचल में नवरात्र मेला के अवसर पर उत्तर प्रदेश विंध्यधाम तीर्थ विकास परिषद के तत्वावधान में आयोजित विंध्य महोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारम्भ नगर विधायक रत्नाकर मिश्र ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं देवी चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
इस दौरान विधायक और जिलाधिकारी ने मंच पर प्रस्तुति देने वाले कलाकारों को देवी चित्र, अंगवस्त्रम व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की शुरुआत कथक नृत्य से हुई, जिसमें स्व. पंडित महेश्वर पति त्रिपाठी के शिष्य मनीष शर्मा और उनकी टीम ने भगवान राम के अयोध्या आगमन पर स्वागत का दृश्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इसके बाद वाराणसी की हरिप्रीत कौर ने भजन प्रस्तुत किया। वहीं सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के पंजीकृत कलाकार शिवलाल गुप्ता ने उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने पर आधारित गीतों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों रानी सिंह, सूफिया बेगम, कल्पना गुप्ता, रागिनी चंद्रा और आनंद कुमार ने भी देवी गीतों व लोक गायन से समां बांधा। सूरज कुमार व कौशल कुमार सैनी ने भी भजन प्रस्तुत कर दर्शकों का मनोरंजन किया।
कार्यक्रम का संचालन संजय श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अजय कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, जिला सूचना अधिकारी ओम प्रकाश उपाध्याय, डिप्टी कलेक्टर संजीव यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अंत में डिप्टी कलेक्टर संजीव यादव ने सभी अतिथियों, कलाकारों व आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा