गंगा नदी में छलांग लगाने वाले युवक को एनडीआरएफ ने निकाला, सीपीआर देकर बचाई जान
वाराणसी, 09 अप्रैल(हि. स.)। वाराणसी में गंगा नदी में 11 वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम के जल गश्त के दौरान गुरुवार को राजघाट ब्रिज के पास एक युवक ने नदी में छलांग लगा दी। टीम के सदस्यों ने युवक के छलांग लगाते ही स्थिति को भांपते हुए डूब रहे युवक को सफल रेस्क्यू कर जल से बाहर निकालकर उसकी जान बचाई।
एनडीआरएफ के उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा ने कहा कि एनडीआरएफ की टीमें गंगा नदी में निरंतर एवं नियमित जल गश्त करती रहती हैं। घटना के समय गंगा नदी में गश्त कर रही एनडीआरएफ टीम ने तुरंत प्रतिक्रिया दी। एनडीआरएफ के बचावकर्ता ने बिना समय गंवाए गहरे पानी में छलांग लगा दी और अन्य लाेगाें के साथ मिलकर युवक काे सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के दौरान पाया गया कि युवक कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहा था। तत्पश्चात बचावकर्ताओं द्वारा तुरंत प्राथमिक उपचार एवं जीवन रक्षक उपाय जैसे पानी निकालना एवं सीपीआर प्रदान करना शुरू किया गया। आवश्यक चिकित्सा सहायता प्रदान करने के बाद उसे सुरक्षित रूप से घाट के किनारे लाया गया तथा उसकी स्थिति सामान्य होने तक लगातार निगरानी एवं सहायता दी गई। बचाएं गए युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ द्वारा किए गए इस त्वरित, साहसिक एवं अत्यंत पेशेवर बचाव ने एक बार फिर बल की उत्कृष्ट कार्यकुशलता, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता, सेवा और सुरक्षा के प्रति उसकी अटूट प्रतिबद्धता को प्रमाणित किया है। मौके पर उपस्थित लोगों ने इस वीरतापूर्ण कार्य को प्रत्यक्ष रूप से देखा और एनडीआरएफ के जांबाज बचावकर्ताओं की सराहना करते हुए उनके प्रति गहरा आभार व्यक्त किया ।
हिन्दुस्थान समाचार / शरद