वाराणसी में प्रस्तावित देश के सबसे बड़े एयर शो में भीड़ प्रबंधन को लेकर अफसर सतर्क
—कमिश्नर,पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी ने संयुक्त रूप से तैयारियों को परखा, 30 लाख दर्शकों के पहुंचने की संभावना
वाराणसी, 03 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में 22, 23 एवं 25 अक्तूबर को प्रस्तावित देश के सबसे बड़े एयर शो की तैयारियों पर जिला प्रशासन की नजर है। शनिवार को वाराणसी परिक्षेत्र के कमिश्नर एस.राजलिंगम, पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने एयर शो की तैयारियों को लेकर प्रमुख गंगा घाटों एवं स्थलों का जायजा लेने के बाद भीड़ प्रबंधन (क्राउड मैनेजमेंट) पर जोर दिया। आला अफसरों ने मातहत अफसरों को सुगम यातायात, ट्रैफिक डायवर्जन एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिया।
अफसरों ने पड़ाव चौराहा, रामनगर बाईपास, टेंगरा मोड़, डोमरी गंगा घाट, कोदोपुर घाट एवं पड़ाव चौराहा से संदहा रिंग रोड तक सहित प्रमुख स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान आयोजन स्थल, दर्शक क्षेत्रों, आवागमन मार्गों, पार्किंग स्थलों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी चन्दौली तथा पुलिस एवं प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय कर एयर शो के दौरान संभावित भीड़ के प्रबंधन, यातायात संचालन, पार्किंग, सुरक्षा एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की तथा सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बताते चले एयर शो में सेना के विभिन्न प्रकार के विमान एवं एयरक्राफ्ट द्वारा लगभग 90 मिनट तक हवाई करतब प्रस्तुत किया जाना प्रस्तावित हैं। गंगा नदी के दोनों तटों से इस भव्य आयोजन को देखने के लिए लगभग 30 लाख दर्शकों के पहुंचने की संभावना के दृष्टिगत पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भीड़ के दबाव वाले संभावित स्थानों को चिन्हित कर उनके अनुरूप पूर्व से विस्तृत भीड़ प्रबंधन प्लान तैयार किया जाए।
पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिए कि सभी प्रमुख घाटों एवं दर्शक स्थलों पर प्रवेश एवं निकास के पृथक मार्ग, बैरिकेडिंग, होल्डिंग एरिया, क्यू मैनेजमेंट एवं पैदल आवागमन के लिए निर्धारित मार्ग बनाए जाएं। भीड़ को एक स्थान पर एकत्रित होने से रोकने तथा आवश्यकता के अनुसार उसे नियंत्रित एवं डायवर्ट करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
सुगम एवं निर्बाध यातायात व्यवस्था के लिए प्रमुख मार्गों, चौराहों एवं आयोजन स्थलों तक आने वाले सभी संपर्क मार्गों का विस्तृत यातायात प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए। पुलिस आयुक्त ने कहा कि आमजन को अनावश्यक जाम का सामना न करना पड़े, इसके लिए यातायात पुलिस द्वारा पहले से ट्रैफिक लोड का आंकलन कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
संभावित भारी भीड़ एवं वाहनों की संख्या को देखते हुए ट्रैफिक डायवर्जन प्लान पहले से तैयार कर उसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वैकल्पिक मार्गों को चिन्हित कर उन पर पर्याप्त पुलिस बल एवं यातायात कर्मियों की तैनाती की जाए, जिससे आयोजन के दौरान मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव कम रखा जा सके।
गंगा नदी के दोनों ओर चिन्हित पार्किंग स्थलों का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने तथा वाहनों को निर्धारित पार्किंग में ही खड़ा कराने के निर्देश दिए गए। पुलिस आयुक्त ने कहा कि किसी भी दशा में मुख्य मार्गों, संपर्क मार्गों एवं आपातकालीन मार्गों पर अनियंत्रित पार्किंग न होने पाए। पार्किंग स्थलों से दर्शक क्षेत्रों तक पैदल आवागमन के लिए भी सुव्यवस्थित व्यवस्था की जाए।
गंगा नदी के दोनों तटों एवं घाटों की सुरक्षा के दृष्टिगत जल पुलिस, स्थानीय पुलिस एवं संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के मध्य प्रभावी समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। नदी क्षेत्र में निर्धारित सुरक्षा सीमा, बैरिकेडिंग एवं निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने तथा किसी भी व्यक्ति को असुरक्षित क्षेत्र में जाने से रोकने के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा गया।
एयर शो के दौरान सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन एवं अन्य तकनीकी संसाधनों के माध्यम से लगातार निगरानी किए जाने के निर्देश दिए गए। अधिक भीड़ वाले एवं संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती करते हुए कंट्रोल रूम से सभी प्रमुख स्थलों की लगातार मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिला, बच्चों, बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। प्रमुख दर्शक स्थलों पर सहायता डेस्क, आवश्यक संकेतक एवं सहायता प्रदान करने वाली टीमों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आवश्यकता की स्थिति में आमजन को तत्काल सहायता मिल सके।
आयोजन के दौरान कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सेक्टरवार एवं जोनवार पुलिस व्यवस्था, क्यूआरटी/रिस्पॉन्स टीमों की तैनाती तथा महत्वपूर्ण स्थलों पर सघन निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि एयर शो जैसे वृहद आयोजन में जनसहयोग एवं प्रभावी समन्वय अत्यंत महत्वपूर्ण है। आमजन को ट्रैफिक डायवर्जन, पार्किंग स्थल, प्रवेश-निकास मार्ग एवं अन्य आवश्यक सूचनाओं की जानकारी पहले से उपलब्ध कराने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे लोग निर्धारित मार्गों एवं व्यवस्थाओं का पालन कर सकें।
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि एयर शो के आयोजन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुगम बनाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी