मीरजापुर: जनसंवाद में उमड़ा फरियादियों का हुजूम, मंत्री आशीष पटेल ने अधिकारियों को दिए निस्तारण के निर्देश

 


- बिजली, पेंशन, स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क से जुड़ी समस्याएं लेकर पहुंचे सैकड़ों लोग

मीरजापुर, 16 अगस्त (हि.स.)। अपना दल (एस) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार में प्राविधिक शिक्षा व उपभोक्ता संरक्षण विभाग के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने रविवार को सरदार पटेल चौराहा स्थित सांसद जनसंपर्क कार्यालय में आयोजित ‘जनसंवाद’ कार्यक्रम में जनपदवासियों की समस्याएं सुनीं। जिले के विभिन्न क्षेत्रों, तहसीलों और गांवों से पहुंचे सैकड़ों लोगों ने मंत्री के समक्ष अपनी फरियाद रखी।

जनसंवाद कार्यक्रम में बिजली, पेंशन, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से सामने आईं। मंत्री आशीष पटेल ने प्रत्येक फरियादी की बात गंभीरता और धैर्यपूर्वक सुनी। कई मामलों में उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से तत्काल दूरभाष पर वार्ता कर समस्या के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय से मिले। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करना है। योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना शासन की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में एनडीए घटक दलों के पदाधिकारी, अपना दल (एस) और भाजपा के कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में पार्टी समर्थक मौजूद रहे। जनसंवाद के दौरान फरियादियों में अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद दिखाई दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा