क्रॉस कंट्री में रिक्रूट्स ने दिखाई दमखम, राहुल पटेल रहे अव्वल
मीरजापुर, 01 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले की पुलिस लाइन परेड ग्राउंड रविवार सुबह उस वक्त युवा जोश से गूंज उठा, जब 392 रिक्रूट आरक्षियों ने 10 किलोमीटर की क्रॉस कंट्री दौड़ में अपना दमखम दिखाया। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में प्रशिक्षण निर्देशालय उ.प्र. लखनऊ की ओर से आवंटित बाह्य विषय परीक्षा के तहत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
पुलिस लाइन से सुबह छह बजे दौड़ शुरू होकर भरूहना चौराहा होते हुए आमघाट पुल तक पहुंची और फिर वापस परेड ग्राउंड में संपन्न हुई। इस दौरान पूरे मार्ग पर रिक्रूट्स का उत्साह और अनुशासन देखने लायक रहा।
कड़े मुकाबले के बीच चेस्ट नंबर 326 राहुल पटेल ने प्रथम स्थान हासिल किया। चेस्ट नंबर 52 अरुण कुमार द्वितीय और चेस्ट नंबर 185 पंकज शुक्ला तृतीय स्थान पर रहे। विजेताओं के प्रदर्शन पर अधिकारियों ने सराहना करते हुए कहा कि यह दौड़ शारीरिक क्षमता, सहनशक्ति और अनुशासन की असली परीक्षा है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर रितेश सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता ने यह संदेश दिया कि पुलिस बल में शामिल हो रहे युवा हर चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा