मीरजापुर : घर में घुसा सात फीट लंबा मगरमच्छ
- बांस-बल्ली के सहारे बाहर निकाला, तालाब में छिपा मगरमच्छ
- वन विभाग ने शुरू की तलाश
मीरजापुर, 07 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मीरजापुर जिले के हलिया थाना क्षेत्र स्थित बसुहरा गांव के बंधइता मजरे में गुरुवार रात उस समय दहशत फैल गई, जब करीब सात फीट लंबा मगरमच्छ एक घर में घुस गया। संयोग से उस समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। ग्रामीणों की सतर्कता और साहस से मगरमच्छ को घर से निकलकर एक तालाब में जा पहुंचा। ग्रामीणाें ने मगरमच्छ काे पकड़कर सुरक्षित जगह पहुंचाने के लिए वन विभाग काे सूचित किया है।
ग्रामीणों ने बताया कि मगरमच्छ क्षत्रधारी कोल के घर में घुसा था। पड़ोसियों ने मगरमच्छ काे जैसे ही घर में जाते देखा ताे शोर मचा दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना वन विभाग को भी दी गई।
वन विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने बांस और बल्ली की मदद से काफी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को घर से बाहर निकाल दिया। घर से निकलने के बाद मगरमच्छ पास के एक तालाब में चला गया।
हालांकि मगरमच्छ के तालाब में चले जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली, लेकिन उसके वहीं मौजूद होने से लोगों में अब भी दहशत बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि मगरमच्छ कभी भी तालाब से निकलकर लोगों, बच्चों या पशुओं पर हमला कर सकता है। उन्होंने वन विभाग से मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़कर अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की है।
वन क्षेत्राधिकारी हलिया संतोष कुमार राय ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है। आसपास के तालाबों और जलाशयों में मगरमच्छ की तलाश की जा रही है तथा लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा