मीरजापुर : आबादी क्षेत्र में आए मगरमच्छ को पुलिस ने ग्रामीणों के साथ रेस्क्यू किया

 


मीरजापुर, 28 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में हलिया क्षेत्र के अहुगी कलां गांव स्थित धरकार बस्ती में शनिवार शाम करीब छह बजे एक पांच फीट लंबा मगरमच्छ रिहायशी इलाके में दिखाई दिया। मगरमच्छ को बस्ती निवासी रामनरायन के घर के पास देखकर महिलाओं ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग लाठी-डंडा लेकर मौके पर आ गए। मगरमच्छ की सूचना तत्काल डायल 112 और स्थानीय पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही हलिया थाने के पुलिसकर्मी रामधनी पाल, अशफाक अहमद सहित टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से मगरमच्छ को रेस्क्यू करने का अभियान शुरू किया। काफी देर तक चली मशक्कत के बाद बांस और रस्सी की मदद से मगरमच्छ के ऊपर बोरा डालकर उसे सुरक्षित काबू में कर लिया गया। इस दौरान गांव में लोगों की भीड़ जुटी रही। पुलिस की सतर्कता और ग्रामीणों के सहयोग से एक बड़ी घटना टल गई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।

पुलिस कर्मी रामधनी पाल ने बताया कि रेस्क्यू मगरमच्छ को सुरक्षित रूप से अदवा जलाशय ले जाकर गहरे पानी में छोड़ दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा