गोरखपुर पुलिस ने कुर्क की गैंगस्टर की 2.5 लाख की बुलेट
गोरखपुर, 27 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के थाना गीडा क्षेत्र में गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित अभियुक्त विशाल यादव पुत्र संतोष यादव उर्फ जुगानी, निवासी नौसढ़ थाना गीडा गोरखपुर की अवैध रूप से अर्जित संपत्ति जब्त की गयी है। इसमें एक दोपहिया वाहन (रॉयल एनफील्ड बुलेट) शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.5 लाख रुपये बताई जा रही है।
थाना गीडा के प्रभारी निरीक्षक अश्विनी पांडेय के अनुसार यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश गिरोहबंद समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम, 1986 की धारा 14(1) के तहत की गई है। यह कदम उन अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है, जो गैंग बनाकर हत्या के प्रयास, लूट और अन्य गंभीर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहते हुए अवैध संपत्ति अर्जित करते हैं। पुलिस ने बताया प्रशासन द्वारा वाद संख्या 181714/2024 के तहत आदेश जारी किया गया, जिसके अनुपालन में यह जब्तीकरण की कार्रवाई की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय