युवक का अपहरण कर मारपीट और लूट के मामले में चार नामजद समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

 


औरैया, 05 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश में औरैया जनपद के फफूंद थाना क्षेत्र में रविवार को एक युवक का अपहरण, मारपीट और लूटपाट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पहाड़पुर गांव निवासी राजकुमार ने बताया कि दो अप्रैल की रात करीब 8 बजे वह मुडैना स्थित राम दत्त की मड़ैया से निमंत्रण कर अपने घर लौट रहा था। बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के पास कुछ लोगों ने उसका अपहरण कर एक सुनसान स्थान पर ले गए। उन लाेगाें ने उसे बेरहमी से मारापीटा, जिससे उसका सिर फट गया और वे अधमरी हालत में हो गए। मारपीट का आरोपितों ने वीडियो भी बनाया। इतना हीं नहीं उसकी जेब में रखे 7 हजार रुपये नकद और सोने की चेन लूटकर फरार हो गये।

पीड़ित का कहना है कि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वह आरोपितों की पहचान कर सका। इस मामले में उसने चार नामजद समेत छह लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी है। थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार