शॉर्ट सर्किट से घर में लगी भीषण आग, 8 लोग घायल

 


फिरोजाबाद, 06 अप्रैल (हि.स.)। थाना शिकोहाबाद क्षेत्र अन्तर्गत सोमवार को शॉर्ट सर्किट से एक घर में आग लग गई। आग लगने से घर में रखे फ्रिज के कम्प्रेशर में जोरदार ब्लास्ट हुआ। हादसे में करीब 8 लोग घायल हुए हैं। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। फायर बिग्रेड टीम ने आग पर काबू पाया।

थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के मोहल्ला रुकनपुरा निवासी राशिद पुत्र जहीर बिरयानी का ठेला लगाता है। रिश्तेदारी में कुछ पारिवारिक समारोह होने के चलते राशिद फिरोजाबाद गया था, जबकि अन्य परिजन सिकंदराराऊ में गए थे। घर में कोई नहीं था। सोमवार को अचानक से बिजली के शॉर्ट सर्किट से घर में आग लग गई। बंद घर में आग की लपटें देखकर मोहल्ले में अफरा तफरी मच गई। आग देखकर मोहल्ले के लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। इधर आग लगने से घर में रखे फ्रिज के कम्प्रेशर में ज़ोरदार ब्लास्ट हुआ। जिससे घर की दीवार, छज्जा ढह गया। ब्लास्ट से उड़े छज्जे से निकली ईट रोड़ा ने वहां खड़े भीड़ को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे करीब 8 लोग घायल हो गये। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने घायल हुए सभी लोगों को एम्बुलेंस की सहायता से अस्पताल भिजवाया।

वहीं सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद स्थित पर काबू पाया। इस दौरान घर में रखा सामान भी जलकर खाक हो गया। सूचना पर गृह स्वामी भी मौके पर पहुंच गया। पीड़ित ने बताया की घर में शादी की तैयारी चल रही थी जिसके लिए कमरे में रखे लाखों रूपये भी जल गए हैं। नायब तहसीलदार नितिन कुमार ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया।

इस हादसे में अलस पुत्र वकील, सुहेल पुत्र अकील, महताब पुत्र समसुद्दीन, रसीद पुत्र इरशाद, अरशद पुत्र बाबूमिया, अकरम, अफसर पुत्र सत्तार, कौशर पत्नी अकील घायल हुए हैं।

सीओ सिरसागंज अनिमेश कुमार का कहना है कि शॉर्ट सर्किट से घर में आग लगी है। जिस कारण फ्रिज के कम्प्रेशर में ब्लास्ट हुआ। जिसके चलते घर की दीवार ढह गई। दीवार से निकले मलवे की चपेट में आकर करीब 8 लोग सामान्य रूप से घायल हुए है। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़