टैंकर की टक्कर से पत्नी की मौत, पति व बेटी घायल
फिरोजाबाद, 09 सितंबर (हि.स.)। नारखी थाना क्षेत्र अन्तर्गत हाईवे पर बुधवार शाम सफाई कर रहे मजदूरों को तेज रफ्तार टैंकर ने टक्कर मार दी। हादसे में पत्नी की मौत हो गई जबकि पति और बेटी घायल है, जिन्हें ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
थाना नारखी क्षेत्र के बैंदी की पुलिया के पास हाईवे पर बुधवार शाम को मजदूरों द्वारा सफाई की जा रही थी। कच्चा टूंडला निवासी 50 वर्षीय मुन्नी देवी, उनके पति अशोक और बेटी पूजा सफाई कार्य में लगे थे। ट्रैक्टर ट्राली कूड़ा उठाने के लिए चल रही थी। तभी अचानक एक तेज रफ्तार आ रहे टैंकर ने ट्रैक्टर ट्राली में टक्कर मारी। ट्रैक्टर ट्राली से आगे काम कर रहे तीनों मजदूर घायल हो गए। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। तत्काल हाइवे की एंबुलेंस तीनों को सरकारी ट्रामा सेंटर लेकर पहुंची, जहां डाक्टरों ने मुन्नी देवी को मृत घोषित कर दिया। जबकि पति और बेटी का उपचार चल रहा है।
इस सम्बन्ध में थानाध्यक्ष नारखी का कहना है कि दुर्घटना में महिला की मृत्यु हुई है। पति गंभीर घायल है जबकि बेटी मामूली रूप से घायल हुई है। घायलों को अस्पताल भिजवाया गया है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़